कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट में समय प्रबंधन व क्लासरूम मैनेजमेंट पर कार्यशालाएं आयोजित

सीएसजेएमयू से संबद्ध डीएवी पीजी कॉलेज की डॉ. निधि नागर ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को दिए सफलता व प्रभावी शिक्षण के व्यवहारिक मंत्र

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शिक्षकों के व्यावसायिक सशक्तिकरण की दिशा में कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट में शनिवार को कक्षा 9, 10, 11 एवं 12 के विद्यार्थियों तथा शिक्षकों के लिए दो विशेष क्षमता संवर्धन कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), कानपुर से संबद्ध डीएवी पीजी कॉलेज के सांख्यिकी विभाग की प्राध्यापिका एवं लाइफ स्किल्स विशेषज्ञ डॉ. निधि नागर रहीं। उन्होंने अपने प्रेरक एवं संवादात्मक सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को व्यवहारिक ज्ञान तथा प्रभावी मार्गदर्शन प्रदान किया।

पहले सत्र में विद्यार्थियों के लिए ‘टाइम मैनेजमेंट’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में डॉ. नागर ने समय के सुनियोजित उपयोग, लक्ष्य निर्धारण, प्राथमिकताओं के चयन तथा परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंधन के प्रभावी उपाय बताए। उन्होंने कहा कि सफलता केवल कठिन परिश्रम से नहीं, बल्कि सही समय पर सही दिशा में किए गए प्रयासों से मिलती है। विद्यार्थियों को अनुशासित दिनचर्या अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और अध्ययन को योजनाबद्ध ढंग से करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी शंकाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

दूसरे सत्र में शिक्षकों के लिए ‘क्लासरूम मैनेजमेंट’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में डॉ. नागर ने प्रभावी कक्षा संचालन, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने, सकारात्मक शिक्षण वातावरण तैयार करने, व्यवहार प्रबंधन तथा आधुनिक शिक्षण तकनीकों के उपयोग पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक सफल शिक्षक केवल विषय का ज्ञान नहीं देता, बल्कि विद्यार्थियों में सीखने की जिज्ञासा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी विकास करता है।

कार्यशाला के समापन पर विद्यालय परिवार ने डॉ. निधि नागर का अभिनंदन करते हुए उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने कार्यशालाओं को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं व्यवहारिक बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। विद्यालय प्रबंधन ने भी भविष्य में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के व्यक्तित्व और कौशल विकास के लिए इसी प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

समय और कक्षा प्रबंधन सफलता की मजबूत नींव : प्रतीक गोयल

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट के प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल ने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में समय प्रबंधन और प्रभावी कक्षा प्रबंधन सफलता की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए आयोजित क्षमता संवर्धन कार्यशालाएं केवल ज्ञानवर्धक ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक जीवन में भी अत्यंत उपयोगी साबित होंगी। उनका विश्वास है कि इन कार्यशालाओं से प्राप्त अनुभव और मार्गदर्शन विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ शिक्षकों की शिक्षण दक्षता और कक्षा संचालन कौशल को भी सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ शिक्षकों के निरंतर व्यावसायिक उन्नयन को बढ़ावा देना है। इसी सोच के तहत कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट भविष्य में भी ऐसे नवाचारपूर्ण, कौशल विकास आधारित और विद्यार्थी-केंद्रित कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहेगा, ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास को भी नई दिशा मिल सके।

जीवन कौशल और सतत सीखने की भावना ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का आधार : डॉ. अनिल कुमार सक्सेना

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट के चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम दिलाना नहीं, बल्कि उनमें आजीवन सीखने की प्रवृत्ति, सकारात्मक सोच और जीवन कौशल का विकास करना भी है। उन्होंने कहा कि बदलते शैक्षिक परिवेश में विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों का निरंतर कौशल विकास भी समय की आवश्यकता है। ऐसे प्रशिक्षण एवं क्षमता संवर्धन कार्यक्रम विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, समय प्रबंधन और नेतृत्व जैसे आवश्यक जीवन कौशल प्रदान करते हैं, वहीं शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों एवं नवाचारों से स्वयं को समृद्ध करने का अवसर भी देते हैं। डॉ. सक्सेना ने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ शिक्षकों की पेशेवर दक्षता को भी निरंतर सशक्त बनाना है, ताकि गुणवत्तापूर्ण और मूल्यपरक शिक्षा के माध्यम से समाज को जागरूक, सक्षम और जिम्मेदार नागरिक मिल सकें।

👁 2,651 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *