रोडवेज बस डिपो की बदहाल स्थिति पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

वरिष्ठ कांग्रेसी हरीश कुमार सिंह ने विकास कार्यों की अनदेखी का लगाया आरोप

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं अधिवक्ता हरीश कुमार सिंह ने काशीपुर रोडवेज बस डिपो की बदहाल स्थिति को लेकर भाजपा सरकार और जनप्रतिनिधियों पर विकास कार्यों की उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बस अड्डे की वर्तमान स्थिति के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रेस को जारी बयान में हरीश कुमार सिंह ने कहा कि वर्ष 1982 में पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के प्रयासों से निर्मित काशीपुर रोडवेज बस डिपो आज जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बस अड्डे पर यात्रियों के लिए पर्याप्त सुविधाओं का अभाव है। यहां शौचालय और कैंटीन जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं भी संतोषजनक नहीं हैं, जबकि डिपो में स्टाफ की कमी और कई बसों की खराब स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में भाजपा के विधायक, सांसद तथा प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद बस अड्डे के आधुनिकीकरण और सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अपेक्षित कार्य नहीं हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि काशीपुर से नैनीताल के लिए संचालित बस सेवा वर्षों से बंद पड़ी है, जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है। कांग्रेसी नेता ने आरोप लगाया कि काशीपुर में पूर्व में स्थापित कई संस्थान और औद्योगिक इकाइयां भी उपेक्षा का शिकार हुई हैं। उन्होंने महिला आईटीआई, औद्योगिक इकाइयों और खेल स्टेडियम की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उनके अनुसार, रोजगार के अवसरों में कमी आने से स्थानीय युवाओं को अन्य राज्यों की ओर पलायन करना पड़ रहा है। हरीश कुमार सिंह ने क्षेत्रवासियों से विकास संबंधी मुद्दों पर सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि काशीपुर को विकास की मुख्यधारा में बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों और सरकार को आधारभूत सुविधाओं के सुधार पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो शहर विकास की दौड़ में और पीछे छूट सकता है।

👁 523 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *