कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट का छह दिवसीय समर कैंप 2026 उल्लासपूर्ण माहौल में सम्पन्न

खेल, विज्ञान, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने निखारी प्रतिभा, प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

 

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट, काशीपुर द्वारा आयोजित छह दिवसीय समर कैंप-2026 का समापन उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के वातावरण में हुआ। ग्रीष्मावकाश के दौरान विद्यार्थियों को सीखने, रचनात्मकता विकसित करने तथा मनोरंजन के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों के लिए टीम बिल्डिंग गतिविधियां, विज्ञान प्रयोग, कला एवं शिल्प, संगीत, नृत्य, कहानी वाचन, स्कैवेंजर हंट और आउटडोर गेम्स का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतिदिन आयोजित एक घंटे के विशेष स्पोर्ट्स कैंप में विद्यार्थियों ने फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स सहित कई मनोरंजक खेलों का आनंद लिया। खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास किया गया। समापन समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। नृत्य, संगीत, समूह प्रस्तुतियों और प्रतिभा प्रदर्शन कार्यक्रमों ने उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों की खूब सराहना बटोरी। समारोह के दौरान शिविर में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने समर कैंप के सफल आयोजन के लिए शिक्षकों, समन्वयकों और समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कहा कि इस प्रकार के समर कैंप के आयोजनो से बच्चों की छिपी प्रतिभा सामने आती है। उन्होंने ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा करते हुए बच्चों की उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल ने कहा कि समर कैंप बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं अभिभावकों ने भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय की इस पहल की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। नई सीख, मधुर यादों और चेहरे पर मुस्कान के साथ समर कैंप-2026 का सफल समापन हुआ।

 

👁 252 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *