योगासन, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का दिया गया संदेश
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल, काशीपुर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, प्रशासनिक कर्मचारी, सहायक स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।।योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ, जिसमें विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ, तनावमुक्त और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति की कार्यक्षमता, एकाग्रता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति को तन, मन और आत्मा से सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया योग की महत्ता को स्वीकार कर रही है और इसे अपनाकर करोड़ों लोग स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और कर्मचारियों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। सुबोध सिंह ने कहा, “योग वह शक्ति है जो शरीर को ऊर्जा, मन को शांति और जीवन को नई दिशा प्रदान करती है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और श्रेष्ठ जीवन का आधार है।” कार्यक्रम का समापन स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मिक उन्नति एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ हुआ। योग दिवस के इस सफल आयोजन ने सभी प्रतिभागियों को निरोग, संतुलित एवं सुखद जीवन के लिए योग को नियमित रूप से अपनाने की प्रेरणा प्रदान की।
योग भारतीय संस्कृति की विश्व को अनुपम देन : अमित सिंह

कशीपुर (काशीपुर वार्ता)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर होली एंजेल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अमित सिंह ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की ऐसी अमूल्य धरोहर है, जिसने पूरे विश्व को स्वस्थ और संतुलित जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है, जो व्यक्ति को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। अमित सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और अस्वस्थ जीवनशैली के बीच योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला होते हैं।




