काशीपुर नगर निगम का 614.52 करोड़ का बजट पारित

32 प्रस्तावों को मंजूरी; विकास योजनाएं, वेंडिंग जोन, सफाई व्यवस्था और जनसुविधाओं से जुड़े अहम निर्णय

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। महापौर दीपक बाली की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित नगर निगम बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 614 करोड़ 52 लाख 26 हजार 484 रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बजट में 570 करोड़ 91 लाख 85 हजार रुपये के अनुमानित व्यय के बाद करीब 20 करोड़ 30 लाख रुपये की बचत का प्रावधान रखा गया है।
बैठक में कुल 32 बिंदुओं पर चर्चा कर विभिन्न विकास एवं जनहित से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। महापौर ने कहा कि आगामी वर्ष में नगर के आधारभूत ढांचे के विकास, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बोर्ड ने भारत सरकार की यूसीएफ योजना के तहत 228 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का अवलोकन एवं अनुमोदन किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत 17 वार्डों में 120.44 करोड़ रुपये की अवस्थापना विकास योजनाओं तथा अन्य निधियों से 23.44 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई। नगर क्षेत्र में छोटे कारोबारियों को व्यवस्थित करने के लिए पांच स्थानों पर नए वेंडिंग जोन विकसित करने तथा पीएम स्वनिधि योजना से जुड़े अन्य वेंडिंग जोनों के निर्माण हेतु 11.15 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी गई। बताया गया कि इस दिशा में कार्य जुलाई से शुरू होने की संभावना है। सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए 3.80 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक तकनीक आधारित कंट्रोल रूम स्थापित करने की योजना को भी स्वीकृति दी गई। प्रस्ताव शासन स्तर पर विचाराधीन है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
बैठक में अल्ली खां चौक पर 135 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना एवं क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए 26.21 करोड़ रुपये की परियोजना को भी मंजूरी दी गई। साथ ही ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने संबंधी निविदा को अनुमोदन दिया गया। निगम भूमि उपलब्ध कराएगा, जबकि संचालन करने वाली कंपनी निवेश करेगी और अपनी आय का 25 प्रतिशत हिस्सा निगम को देगी।

ढेला नदी के किनारे साइक्लिंग ट्रैक, भ्रमण स्थल और वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। वहीं ढेला नदी क्षेत्र की एक भूमि पर प्रस्तावित पेट्रोल पंप के स्थान पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स विकसित करने की जानकारी दी गई।
बैठक में नगर के आरोग्य मंदिरों में कुत्ते के काटने पर निशुल्क रेबीज टीका उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा सामाजिक संगठनों एवं पार्षदों की ओर से उठाए गए एक प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए यह निर्णय लिया गया कि खुशी के अवसरों पर किन्नर समुदाय द्वारा राशि वसूली से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्टेडियम तिराहे का नामकरण ‘श्री ननकाना साहिब चौक’ किए जाने तथा उसके सौंदर्यीकरण कार्य के लिए बोर्ड ने आभार प्रस्ताव पारित किया। बैठक के दौरान पार्षदों ने विभिन्न वार्डों की समस्याएं भी उठाईं। खाली पड़े प्लॉटों में कूड़ा डाले जाने, झाड़ियों की समस्या तथा सिंचाई विभाग की माइनरों के किनारे सड़क निर्माण जैसे मुद्दों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। बैठक में नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त शालिनी बिष्ट सहित निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी और पार्षद उपस्थित रहे।

👁 925 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *