सैकड़ों जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति
जसपुर (काशीपुर वार्ता। नगर एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक नया आयोजन स्थल मिलने के साथ ही रविवार शाम मास्टर रिजॉर्ट का भव्य उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। पतरामपुर रोड स्थित हाईवे पुल के निकट बने मास्टर रिजॉर्ट का शुभारंभ प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यवसायी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में जसपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आदेश सिंह चौहान तथा ठाकुरद्वारा विधायक नवाब जान खाँ, नगर पालिका परिषद जसपुर के चेयरमैन नौशाद सम्राट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों एवं सैकड़ों गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम में शामिल हो कर आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ऐसे प्रतिष्ठानों के निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मास्टर रिजॉर्ट सामाजिक, पारिवारिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित होगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। उद्घाटन समारोह के दौरान मास्टर रिजॉर्ट परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक अंदाज में किया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

समारोह में अब्दुल शमी, अब्दुल शमीम, डॉ. अब्दुल शकील, डॉ. अब्दुल सामिर, मौलाना आलिम उस्मानी, अकबर अली, अख्तर अली, अबरार अली, सईद अहमद, बाबू हुसैन, पूर्व ग्राम प्रधान नजाकत तथा ग्राम प्रधान मुजाहिद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के उपरांत सभी अतिथियों एवं आगंतुकों के लिए भव्य रात्रि भोज (डिनर) का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर आयोजकों की मेहमाननवाजी की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में मास्टर रिजॉर्ट के स्वामी एवं अनाज मंडी क्षेत्र निवासी अधिवक्ता अब्दुल सलीम ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मास्टर रिजॉर्ट को क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर सुविधाओं के साथ संचालित किया जाएगा, ताकि यह नगर और आसपास के लोगों के लिए एक भरोसेमंद एवं उत्कृष्ट आयोजन स्थल बन सके। भव्य आयोजन और बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया।
