यूएसआर इंदू समिति स्कूल को रेफ्रिजरेटर व राशन सामग्री भेंट, वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। हरेला पर्व के अवसर पर लायंस क्लब काशीपुर सिटी ने सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए बसई स्थित पीरूमदारा के यूएसआर इंदू समिति स्कूल में रेफ्रिजरेटर, राशन सामग्री उपलब्ध कराई तथा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। क्लब के इस सेवा कार्य की विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय लोगों ने सराहना की। विद्यालय में ऐसे करीब 100 दिव्यांग बच्चे अध्ययनरत हैं, जो सुनने, बोलने और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। इन बच्चों की देखभाल और शिक्षा के लिए 36 सदस्यीय स्टाफ कार्यरत है। बच्चों की आवश्यकताओं को देखते हुए क्लब ने रेफ्रिजरेटर उपलब्ध कराया, जिससे विद्यालय में खाद्य सामग्री और आवश्यक वस्तुओं का सुरक्षित रखरखाव किया जा सके। साथ ही दैनिक उपयोग की राशन सामग्री भी विद्यालय प्रबंधन को सौंपी गई। क्लब अध्यक्ष एमजेएफ लायन सुखविंदर सिंह सचिन, सचिव लायन बलदेव सिंह तथा कोषाध्यक्ष एमजेएफ लायन शेरजंग सिंह धारीवाल ने रेफ्रिजरेटर से संबंधित सभी दस्तावेज विद्यालय प्रबंधन को सौंपते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में भी विद्यालय की आवश्यकताओं के अनुरूप सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद और विशेष बच्चों की सहायता करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
इस दौरान क्लब सदस्यों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर हरेला पर्व के महत्व को रेखांकित किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष एमजेएफ लायन समरपाल सिंह ग्रेवाल, एमजेएफ लायन सतविंदर सिंह, लायन जगतार सिंह ढिल्लों, लायन जसवीर सिंह, लायन स्वतंत्र कुमार मेहरोत्रा, लायन एड. शैलेन्द्र मिश्रा सहित क्लब केअनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने लायंस क्लब काशीपुर सिटी के इस सेवा कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।




