केवीएस प्रीमियर ग्रुप के प्रायोजन में आयोजित विशाल योग शिविर में हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर काशीपुर में उमड़ा जनसैलाब, ‘स्वस्थ वृद्धावस्था’ का दिया संदेश

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रामनगर रोड स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह केवीएस प्रीमियर ग्रुप के प्रायोजन तथा भारतीय खेल प्राधिकरण, रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर एवं महिला पतंजलि योग समिति, ऊधमसिंह नगर पश्चिम के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था एवं प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एवं महापौर दीपक बाली, विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, नग आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर केवीएस प्रीमियर ग्रुप के प्रबंध निदेशक देवेन्द्र कुमार अग्रवाल, श्रीमती रेखा अग्रवाल, बीपी गोयल एवं महिला पतंजलि योग समिति की राज्य कार्यकारिणी सदस्या कमला रिखाड़ी भी उपस्थित रहीं। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग)” रही। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती उम्र में शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए योग एक प्रभावी एवं प्राकृतिक माध्यम है। विश्व के लगभग 191 देशों में मनाए जा रहे योग दिवस ने एक बार फिर भारत को योग की वैश्विक गुरु परम्परा का अग्रदूत सिद्ध किया है। योगाभ्यास के उपरांत केवीएस प्रीमियर ग्रुप के प्रबंध निदेशक देवेन्द्र कुमार अग्रवाल ने उपस्थित साधकों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र पद्धति है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर करता है। उन्होंने कहा कि योग की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह आयु, क्षमता और स्वास्थ्य की स्थिति से परे सभी के लिए समान रूप से लाभकारी है।

मुख्य अतिथि दीपक बाली ने शिविर में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत संगीतमय योगाभ्यास, सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न योग कलाओं की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता देश के स्वस्थ भविष्य का संकेत है। कार्यक्रम के समापन पर महिला पतंजलि योग समिति ने शिविर के सफल आयोजन एवं सहयोग के लिए केवीएस प्रीमियर ग्रुप सहित सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। शिविर में बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों ने सहभागिता कर योग साधना का लाभ उठाया तथा नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन जीने का संकल्प लिया।

👁 1,154 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *