‘रिमझिम बरसे सावन, महके धरा और विद्यालय सारा…’ की थीम पर सजा रंगारंग आयोजन, गीत, नृत्य, कविता और प्रतियोगिताओं ने बांधा समा
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। “रिमझिम बरसे सावन, महके धरा और विद्यालय सारा, आप सभी के आगमन से हमारा यह मानसून फेस्ट हुआ और भी प्यारा” की भावपूर्ण पंक्तियों के साथ जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में शनिवार को आयोजित मानसून फेस्ट उल्लास, संस्कृति और रचनात्मकता का अनूठा संगम बन गया। सावन की हरियाली और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, कविता और लघु नाटिकाओं के माध्यम से वर्षा ऋतु की सुंदरता, प्रकृति प्रेम और भारतीय संस्कृति का मनोहारी चित्र प्रस्तुत किया। बच्चों की मर्मस्पर्शी प्रस्तुतियों ने विद्यालय के ऑडिटोरियम में उपस्थित सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अभिषेक गोयल एवं डॉ. यामिनी गोयल ने विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी, इवेंट को-ऑर्डिनेटर रेखा सिंह तथा मिडिल विंग को-ऑर्डिनेटर अंजू चावला के साथ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को मंच प्रदान कर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना तथा उनकी प्रतिभा को निखारना है। उन्होंने सभी को सावन की पावन ऋतु की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण अभिभावकों के लिए आयोजित डुओ आर्ट प्रतियोगिता और पेपर बोट मेकिंग प्रतियोगिता रहीं। प्रतिभागी माताओं ने सावन थीम पर अपनी रचनात्मक कला का शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा की कोई आयु सीमा नहीं होती। वहीं बच्चों ने प्रशिक्षकों के निर्देशन में सावन के लोकगीतों पर मनमोहक नृत्य और सामाजिक संदेश से ओतप्रोत लघु नाटिकाओं की प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी। पेपर की रंग-बिरंगी नावों ने भी कार्यक्रम में बचपन की मधुर यादों को जीवंत कर दिया। प्रतियोगिताओं में डुओ आर्ट में कृति अग्रवाल एवं सोनी राजपूत तथा पेपर बोट मेकिंग प्रतियोगिता में मंजीत कौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथियों ने विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर इवेंट को-ऑर्डिनेटर रेखा सिंह, सीनियर विंग को-ऑर्डिनेटर रीना चौधरी, मिडिल विंग को-ऑर्डिनेटर अंजू चावला, जूनियर विंग को-ऑर्डिनेटर बुशरा सिद्दीकी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने वाला यादगार सांस्कृतिक उत्सव बताया।
मानसून फेस्ट केवल उत्सव नहीं, बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और पारिवारिक सहभागिता का सशक्त मंच है: रिशिता सक्सेना अग्रवाल
कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय की को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मानसून फेस्ट का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करना है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थियों ने सावन की मनोहारी छटा को गीत, नृत्य, कविता और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने इस आयोजन को और भी यादगार बना दिया। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में हमारा निरंतर प्रयास रहता है कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और सृजनात्मक सोच का भी समग्र विकास हो। ऐसे आयोजन बच्चों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।


