पड़ोसियों पर पानी निकासी का रास्ता रोकने का आरोप, उपजिलाधिकारी ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
जसपुर (कशीपुर वार्ता)। भारी बारिश के बाद खेत में जलभराव होने से धान की फसल बर्बाद होने की आशंका के बीच ग्राम बाबरखेड़ा की एक महिला किसान ने उपजिलाधिकारी से पानी की निकासी कराने की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि पड़ोसी किसानों ने जेसीबी से मेड़ बनाकर पानी का रास्ता रोक दिया है, जिससे उसका खेत पूरी तरह पानी से भर गया है। ग्राम बाबरखेड़ा निवासी विमला देवी ने उपजिलाधिकारी को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि उनकी कृषि भूमि में धान की फसल लगी हुई है। आठ जुलाई को हुई भारी वर्षा के बाद पूरे गांव के खेतों का पानी उनके खेत में भर गया। आरोप है कि उनके खेत से नीचे स्थित किसानों ने जेसीबी से बांधनुमा मेड़ बनाकर पानी की निकासी रोक दी है, जिसके कारण फसल खराब होने का खतरा पैदा हो गया है। विमला देवी ने बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है और वह अकेले खेती कर अपना जीवनयापन कर रही हैं। उनका आरोप है कि जब भी वह खेत से पानी निकालने का प्रयास करती हैं तो पड़ोसी उन्हें डरा-धमकाकर रोक देते हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर खेत से पानी की निकासी का रास्ता खुलवाने की मांग की है, ताकि उनकी धान की फसल को नुकसान से बचाया जा सके। उपजिलाधिकारी ने प्रार्थना-पत्र प्राप्त कर मामले में जांच कर आवश्यक एवं उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




