बिजली समस्या को लेकर वार्ड-3 के निवासियों ने महापौर और अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन

महापौर ने अधिशासी अभियंता से की वार्ता, ट्रांसफार्मर व जर्जर लाइनें बदलने की मांग पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। वार्ड संख्या-3 कृष्णा कॉलोनी, जसपुर खुर्द के निवासियों ने क्षेत्र में लंबे समय से बनी बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर वार्ड पार्षद अनिल कुमार के नेतृत्व में महापौर दीपक बाली को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में स्थापित 400 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर वर्तमान आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। इसके चलते आए दिन ओवरलोडिंग, बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने, लो वोल्टेज तथा विद्युत तारों के जलने जैसी समस्याओं से लोगों को जूझना पड़ रहा है। साईंधाम कॉलोनी निवासी एवं वरिष्ठ पत्रकार सुरेश शर्मा ने महापौर से क्षेत्र में अधिक क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराने, जर्जर एवं बार-बार खराब होने वाले विद्युत तारों को बदलवाने तथा विद्युत व्यवस्था का स्थायी समाधान सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का भी आग्रह किया। महापौर दीपक बाली ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंता अजीत कुमार यादव से दूरभाष पर वार्ता की। इसके बाद क्षेत्रवासियों को अधिशासी अभियंता के पास भेजा गया। अधिशासी अभियंता अजीत कुमार यादव ने वार्ड नंबर 03 की विद्युत समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने तथा आवश्यक तकनीकी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में कृष्णा कॉलोनी अध्यक्ष जी.आर. आर्या, चंदन सिंह रौतेला, मोहित सिंह पोखरिया, भुवन सिंह बिष्ट, अधिवक्ता रितु त्यागी, गोपाल सिंह रावत, महेंद्र सिंह पोखरियाल, शाखा रावत, ममता रावत, लता रावत, राज शर्मा, यशपाल सिंह रौतेला, महेंद्र सिंह नोटियाल, वर्षा रानी, राजवीर सिंह, प्रीति सिंह, धर्म सिंह मनराल, नीलम अरोरा, रश्मि सकलानी सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

 

👁 1,600 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *