रामलीला मैदान में संपन्न त्रिवार्षिक चुनाव में सभी 11 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन, 26 जुलाई को होगा शपथ ग्रहण समारोह
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर सोसाइटी के त्रिवार्षिक चुनाव रामलीला मैदान में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में सभी 11 पदों पर केवल एक-एक नामांकन पत्र प्राप्त होने के कारण पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई। अध्यक्ष पद पर योगेश विश्नोई को सर्वसम्मति से निर्विरोध चुना गया, जबकि मनीष चावला उपाध्यक्ष, राजेश बाली सचिव तथा प्रभात अरोरा कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में सईद अहमद, चिरंजी लाल, मदन पाल सिंह, चरणजीत सिंह, शैलेंद्र सिंह, सचिन अरोरा और प्रशांत अरोरा निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उन्हें बधाई देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष योगेश विश्नोई ने संगठन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो विश्वास और जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने केमिस्ट समुदाय के हितों की रक्षा, संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा सभी सदस्यों को साथ लेकर कार्य करने का संकल्प दोहराया। सोसाइटी की नई कार्यकारिणी का विधिवत शपथ ग्रहण समारोह 26 जुलाई को आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारी अपने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर आगामी कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत करेंगे।
खुशियों के बीच मिष्ठान वितरण, ढोल की थाप पर झूमे सदस्य
कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। नई कार्यकारिणी के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होते ही कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों में खुशी की लहर दौड़ गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की और संगठन की एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान रामलीला मैदान का माहौल उत्साह से भर उठा। ढोल की थाप पर सदस्यों ने जमकर खुशियां मनाईं और एक-दूसरे को बधाई देते हुए नए कार्यकाल के सफल संचालन की शुभकामनाएं दीं। उपस्थित सदस्यों ने विश्वास जताया कि नई टीम संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ कैमिस्ट समुदाय के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी। पूरे आयोजन के दौरान आपसी भाईचारा, सौहार्द और उत्साह का अनूठा माहौल देखने को मिला, जिसने चुनाव को एक उत्सव का रूप दे दिया।





