कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट का सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम रहा शानदार

योगेश कुमार ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में किया टॉप, विद्यालय में खुशी का माहौल

काशीपुर (कशीपुर। वार्ता)। कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट ने सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट परिणाम दर्ज करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न संकायों में शानदार प्रदर्शन कर यह सिद्ध किया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं निरंतर मार्गदर्शन सफलता की मजबूत नींव होते हैं। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्साह एवं खुशी का माहौल देखने को मिला। सफल विद्यार्थियों को शिक्षकों एवं अभिभावकों ने मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के मेधावी छात्र योगेश कुमार ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त यश चौहान ने 87.4 प्रतिशत, शुभम चौधरी ने 86.8 प्रतिशत तथा गौरी पुथिया ने 85.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को लेकर विद्यालय परिवार में हर्ष व्याप्त है।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का ही परिणाम है कि विद्यालय ने इस वर्ष भी उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम हासिल किया है। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की सफलता पर हर्षोल्लास के साथ जश्न मनाया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय : डॉ. अनिल कुमार सक्सेना

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह शानदार सफलता विद्यालय परिवार के लिए गर्व एवं सम्मान का विषय है। डॉ. सक्सेना ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। विद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के विकास को प्राथमिकता देता आया है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार, संस्कारित एवं सफल नागरिक के रूप में तैयार करना है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों की मेहनत और अनुशासन का परिणाम है सफलता : प्रतीक गोयल

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट के प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल ने सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के उत्कृष्ट परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उल्लेखनीय सफलता उनकी लगन, अनुशासन, निरंतर मेहनत एवं शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का प्रतिफल है। प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को शैक्षणिक, नैतिक एवं व्यक्तिगत रूप से उत्कृष्ट बनाना भी है। विद्यालय में सकारात्मक एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण प्रदान किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराते हुए उन्हें सफलता के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।

 

👁 401 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *