आठ समितियों में लगाए गए नीम के पौधे, किसानों से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने का आह्वान
रुद्रपुर (कशीपुर वार्ता)। राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को उधम सिंह नगर जनपद के सभी विकास खंडों में स्थित सहकारी समितियों में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत आठ सहकारी समितियों के परिसरों में नीम के पौधे रोपे गए तथा किसानों को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जिला सहायक निबंधक एच.सी. खंडूरी, इफको के क्षेत्राधिकारी नीरज डोभाल तथा ऋषभ शाह ने विभिन्न सहकारी समितियों में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नीम का वृक्ष पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ औषधीय गुणों से भी भरपूर है। इसके अधिक से अधिक रोपण से वातावरण शुद्ध होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में हरित आवरण को बढ़ावा मिलेगा। अधिकारियों ने उपस्थित किसानों से अपने घरों, खेतों और आसपास के क्षेत्रों में कम से कम एक नीम का पौधा अवश्य लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी होगी। कार्यक्रम में अपर जिला सहकारी अधिकारी बलराज, काशीपुर सहकारी क्रय-विक्रय समिति के राजकुमार, बुद्धदेव, पूरन पांडे, मनदीप सिंह, कृषि स्नातक प्रशिक्षु धीरज लड़वाल सहित करीब 150 किसानों ने भागीदारी की। उपस्थित किसानों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।





