स्ट्रैटेन वर्ल्ड स्कूल कशीपुर में धूमधाम के साथ मनाया गया बैसाखी पर्व

बैसाखी का उल्लास, रंगारंग प्रस्तुतियों से सजी सांस्कृतिक संध्या

 

कशीपुर (काशीपुर वार्ता)। रामनगर रोड स्थित स्ट्रैटेन वर्ल्ड स्कूल में सोमवार को बैसाखी पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में उत्सवी माहौल के बीच विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए इस पर्व के महत्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं लघु नाटिकाओं के माध्यम से बैसाखी पर्व की महत्ता को दर्शाया। बच्चों ने बताया कि जब किसान की रबी की फसल पककर तैयार हो जाती है, तो वह अपनी मेहनत की खुशी में बैसाखी का पर्व मनाते हैं। यह त्योहार किसानों के परिश्रम, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक है। इसके साथ ही छात्रों ने अपने प्रस्तुतीकरण में यह भी दर्शाया कि इसी दिन सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना की थी, जो साहस, त्याग और धर्म की रक्षा का संदेश देता है। इस ऐतिहासिक प्रसंग को बच्चों ने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में पंजाबी लोकनृत्य ‘भांगड़ा’ और ‘गिद्धा’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों की ऊर्जा और उत्साह ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय की प्रबंधिका हरप्रीत कौर ने अपने संबोधन में कहा कि बैसाखी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो हमें एकता, मेहनत और सकारात्मकता का संदेश देता है। सह-प्रबंधिका शिरिन सैनी ने भी छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। प्रधानाचार्य सुरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं गणमान्य व्यक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में सभी ने एक-दूसरे को बैसाखी की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

 

👁 740 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *