स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल व डीजी डॉ. सुनीता टम्टा ने डॉ. अमरजीत साहनी को किया सम्मानित

प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ के द्विवार्षिक अधिवेशन में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला प्रशस्ति पत्र, काशीपुर का बढ़ा मान

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर काशीपुर का नाम रोशन करने वाले एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में तैनात वरिष्ठ चिकित्साधिकारी एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत साहनी को देहरादून में सम्मानित किया गया। शनिवार को आयोजित प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ के द्विवार्षिक अधिवेशन में उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल तथा महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने डॉ. साहनी को चिकित्सा क्षेत्र में उनके समर्पित योगदान, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनहित में किए गए कार्यों के लिए सराहा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच भी डॉ. साहनी ने मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराकर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। गौरतलब है कि डॉ. अमरजीत साहनी न केवल एक कुशल चिकित्सक हैं, बल्कि वे प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ में उपसचिव के पद पर भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व व कार्यशैली को चिकित्सक समुदाय में सराहना मिलती रही है। इस उपलब्धि पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके अग्रवाल, संघ अध्यक्ष डॉ. संजीव सरना, सचिव डॉ. आशीष गंगवार एवं संयुक्त सचिव डॉ. वरुण भारद्वाज, डॉ. यशपाल रावत, डॉ. रवि सहोता, डॉ. गुरपाल सहोता, डॉ. गुरदीप सिंह, डॉ. गुरप्रीत नरूला, डॉ. जेएस नरूला, डॉ. भारत भूषण गुप्ता, डॉ. शत्रुंजन शर्मा सहित अनेक चिकित्सकों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए डॉ. साहनी को बधाई दी है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी डॉ. साहनी इसी तरह जनसेवा में उत्कृष्ट कार्य करते रहेंगे और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

👁 764 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *