सृष्टि कंडारी मौत मामला : सॉरी मम्मी…अब और नहीं सहा जाता…वीडियो बनाया और दे दी जान, 8 महीने पहले हुई थी शादी


  • नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का मुकदमा दर्ज

देहरादून। डोईवाला क्षेत्र के हर्रावाला में नवविवाहिता सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास, ननद समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मामले में सामने आए एक कथित वीडियो ने घटना को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी सृष्टि की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि दहेज की मांग के साथ-साथ उसे अपशकुनी और मनहूस कहकर लगातार अपमानित किया जाता था तथा घर में होने वाली हर अनहोनी का जिम्मेदार भी उसे ही ठहराया जाता था। मृतका की मां का आरोप है कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। उन्होंने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू और अन्य परिजनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कथित वीडियो में छलका दर्द

मामले में एक कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सृष्टि भावुक होकर कहती सुनाई दे रही है कि वह पिछले कई महीनों से मानसिक पीड़ा झेल रही है और अब उससे यह सब सहन नहीं हो रहा। वीडियो में व्यक्त भावनाओं ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच

डोईवाला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षिका थीं सृष्टि

सृष्टि कंडारी पेशे से शिक्षिका (प्रवक्ता) थीं, जबकि उनके पति सौरभ खत्री सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार, विवाह के कुछ माह बाद सृष्टि के ससुर का हृदयाघात से निधन हो गया था, जिसके बाद से उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।

फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। जहां ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायका पक्ष दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मामले की वास्तविकता सामने आएगी।

 
 
 



Source link

👁 835 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *