कोटद्वार में स्व. भुवन चन्द्र खण्डूडी को श्रद्धांजलि देने के लिए उमड़ा जनसैलाब


कोटद्वार : दुर्गापुरी स्थित हल्दी हाथ वेडिंग प्वाइंट में मेजर जनरल (से. नि.) स्व. भुवन चंद्र खण्डूडी, ए.वी.एस.एम. की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। श्रद्धांजलि सभा में कोटद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों से आए विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित हुए मनिन्दरजीत सिंह बिट्टा ने सभा को संबोधित करते हुए स्व. भुवन चंद्र खण्डूडी के राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान को स्मरण किया तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।

सभा को संबोधित करते हुए अजय कोठियाल ने कहा कि स्व. भुवन चंद्र खण्डूडी का जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण था। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श और कार्य आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए ऋतु खण्डूडी भूषण ने अपने पिता से जुड़ी स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि उन्हें स्व. भुवन चंद्र खण्डूडी जी की पुत्री होने पर गर्व और गौरव का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि उनके पिता का अनुशासन, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व भाव उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा है।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने स्व. भुवन चंद्र खण्डूडी जी के योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का समापन उनकी पुण्य स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर किया गया।



Source link

👁 135 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *