आठ प्रतिष्ठित विद्यालयों की सहभागिता, शिक्षा में तकनीक और रचनात्मक शिक्षण पद्धतियों पर हुआ मंथन
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। लिटिल स्कॉलर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काशीपुर के तत्वावधान में आयोजित CT and AI-DLD 2026 कार्यक्रम तकनीक आधारित शिक्षा, नवाचार और 21वीं सदी के शिक्षण कौशलों के प्रभावी समागम का सशक्त मंच बनकर उभरा। पूरे दिन चले इस आयोजन में शिक्षकों ने कक्षा शिक्षण को अधिक रोचक, प्रभावी और तकनीक-सम्मत बनाने से जुड़े अभिनव प्रयोगों और अनुभवों को साझा किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के आठ प्रतिष्ठित विद्यालयों के शिक्षकों ने सहभागिता करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में अपनाई जा रही रचनात्मक पद्धतियों और नवाचारों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागी विद्यालयों में हिन्द पब्लिक स्कूल, खटीमा; रिवरडेल इंटरनेशनल स्कूल; लिटिल स्कॉलर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काशीपुर; श्री गुरु नानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल; छावनी चिल्ड्रन एकेडमी, काशीपुर; ईएमआरएस, बाजपुर तथा श्री दशमेश स्कूल शामिल रहे।
कार्यक्रम का मूल्यांकन वरिष्ठ शिक्षाविदों की निर्णायक मंडली ने किया, जिसमें बीएलएम एकेडमी, हल्द्वानी की प्रधानाचार्या डॉ. गायत्री कंवर, लालपुर पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर की प्रधानाचार्या पूजा अग्रवाल तथा केपीसी, काशीपुर के प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल शामिल रहे। निर्णायकों ने सभी प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच शिक्षकों के बीच सहयोग, विचार-विनिमय और सतत व्यावसायिक विकास को नई दिशा प्रदान करते हैं।
समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या शिखा गौतम ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, निर्णायकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के व्यावसायिक विकास और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम अनुशासित, उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।








