तीन स्वर्ण समेत चार पदक जीतकर बढ़ाया विद्यालय का गौरव, शानदार प्रदर्शन से अन्य विद्यार्थियों को मिली प्रेरणा
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने 20वीं उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण सहित कुल चार पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और खेल कौशल का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती दी। लखनऊ के होर्नर कॉलेज, महानगर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन लखनऊ ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा किया गया। प्रतियोगिता को यू.पी. गुडविल ताइक्वांडो एसोसिएशन से संबद्धता तथा उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त थी। प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अमीर ने जूनियर 20 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं हरनूर कौर ने जूनियर 70 किलोग्राम भार वर्ग में दमदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अवनीत कौर ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय की पदक तालिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इसके अलावा जश्नदीप सिंह ने सब-जूनियर 40 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार मुकाबला करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है। विद्यालय की चेयरपर्सन नवनीत कौर ने पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। राज्य स्तरीय मंच पर खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने विद्यालय का गौरव बढ़ाने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य जॉनसन ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बेहतर अवसर और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
मेहनत और अनुशासन से ही सफलता की राह होती है आसान : सुखविंदर सिंह
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने 20वीं उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में विद्यालय के खिलाड़ियों द्वारा तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतने पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की प्रतिभा के साथ-साथ उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और टीम भावना का भी विकास करते हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जिस उत्साह और समर्पण के साथ प्रदर्शन किया है, वह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। सुखविंदर सिंह ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों और अभिभावकों को भी बधाई देते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन और सहयोग बच्चों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी खेलों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने और लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।







