राधा-कृष्ण प्रतियोगिता व दही हांडी महोत्सव में महापौर दीपक बाली रहे मुख्य अतिथि
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में दिए गए संदेश—सामान्य लोगों की खुशियों में शामिल होकर उनके सुख-दुख को अपना समझना—का उदाहरण काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने प्रधानमंत्री आवासीय कॉलोनी, गंगापुर गोसाईं, कुंडेश्वरी रोड में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में प्रस्तुत किया। महापौर ने कॉलोनीवासियों के साथ उत्सव में शामिल होकर राधा-कृष्ण प्रतियोगिता और दही हांडी कार्यक्रम का आनंद लिया। कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली मुख्य अतिथि तथा ब्राह्मण सभा समिति काशीपुर के अध्यक्ष हरि प्रकाश शर्मा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। आयोजकों महेंद्र नेगी, दीवान सिंह मेहता, जयपाल रावत और नारायण नेगी सहित अन्य लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि दीपक बाली और विशिष्ट अतिथि हरि प्रकाश शर्मा ने बच्चों को चॉकलेट एवं टॉफियां वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में महिलाओं ने भजन-कीर्तन के साथ कुमाऊंनी और गढ़वाली सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने सामाजिक एवं धार्मिक मूल्यों को मजबूत बनाने और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर विचार रखे। मंच संचालन तनीषा रावत और काजल नेगी ने किया। आयोजन में महिला मोर्चा टीम एवं संचालन मंडल से हेमा, मंजू, शशी, रेखा, मीना, राधा, रजनी, बंटी और हरदीप शर्मा एडवोकेट सहित अनेक लोगों ने सहयोग किया। राधा-कृष्ण प्रतियोगिता और दही हांडी कार्यक्रम में कॉलोनीवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में सैकड़ों भक्तों ने भाग लेकर राधारानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर सुरेश सिंह, डीके चौहान, डॉ. संतोष श्रीवास्तव, अनुज कुमार, माठाजी, आनंद सिंह, हरीश जोशी एडवोकेट, महेंद्र सिंह चौहान, यशोदा शर्मा, किरण शर्मा और मयंक कौशिक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
महापौर को सौंपा समस्याओं और मंदिर निर्माण का मांगपत्र
कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। कार्यक्रम के दौरान कॉलोनीवासियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी मूलभूत समस्याओं को लेकर महापौर दीपक बाली को समस्या पत्र सौंपा। पुष्पा देवी और मीना देवी ने समस्या पत्र दिया, जबकि विशाखा बिश्नोई ने कॉलोनी की विभिन्न समस्याओं से उपस्थित लोगों को अवगत कराया। कॉलोनीवासियों की ओर से मंदिर निर्माण की मांग को लेकर भी महापौर को मांगपत्र सौंपा गया। रेनू शर्मा और माला देवी ने मांगपत्र दिया। एडवोकेट हरदीप शर्मा ने मंदिर निर्माण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए महापौर से इस दिशा में पहल करने का आग्रह किया। इस दौरान हंसा दत्त कांडपाल ने अतिथियों को सोसाइटी की स्थिति से अवगत कराया और मौका मुआयना भी कराया।




