कशीपुर के न्यू मेट्रो हॉस्पिटल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

ध्वजारोहण के साथ गूंजा राष्ट्रगान, चिकित्सकों और कर्मचारियों ने राष्ट्रसेवा का लिया संकल्प

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। अलीगंज रोड स्थित न्यू मेट्रो हॉस्पिटल में शनिवार को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हॉस्पिटल परिसर को तिरंगे के रंगों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिससे पूरे परिसर में राष्ट्रीय गौरव का वातावरण दिखाई दिया। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक (एमडी) सुनील शर्मा, निदेशक एवं अंतरराष्ट्रीय एथलीट डॉ. विजेंद्र चौधरी तथा नितिका चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात सभी उपस्थित जनों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता तथा समृद्धि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर सिद्धार्थ चौधरी, रितु शर्मा सहित अस्पताल के चिकित्सकगण, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण ने समारोह को और अधिक गरिमामय बना दिया। वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से ही देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक सुनील शर्मा ने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए समाज सेवा और राष्ट्रहित की भावना के साथ अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया।

वहीं नितिका चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने का माध्यम है। समारोह के समापन पर सभी कर्मचारियों ने राष्ट्र की सेवा, मानवता की रक्षा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संकल्प को दोहराया। पूरे कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा रहा और उपस्थित सभी लोगों में राष्ट्रीय गौरव एवं सेवा भावना का विशेष उत्साह देखने को मिला।

 

👁 1,601 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *