एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी की छात्रा एंजेल शर्मा ने राज्य स्तरीय मंच पर भरतनाट्यम से बिखेरा प्रतिभा का जादू

जीबी पंत यूनिवर्सिटी में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में प्रस्तुति को न्यायमूर्तियों, गणमान्य अतिथियों एवं दर्शकों ने सराहा

पंतनगर/काशीपुर। एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी, काशीपुर की प्रतिभाशाली छात्रा एंजेल शर्मा ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अपनी आकर्षक एवं भावपूर्ण भरतनाट्यम प्रस्तुति देकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तराखंड तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधमसिंह नगर के संयुक्त तत्वावधान में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (जीबीपीयूएटी), पंतनगर में आयोजित बहुउद्देश्यीय विधिक साक्षरता एवं विधिक जागरूकता शिविर में एंजेल की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तराखंड के कार्यकारी अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी उपस्थित रहे। वहीं माननीय न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, प्रशासनिक न्यायाधीश, उच्च न्यायालय उत्तराखंड ने विशिष्ट अतिथि तथा माननीय न्यायमूर्ति आलोक महरा, न्यायाधीश, उच्च न्यायालय उत्तराखंड ने विशेष अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। एंजेल शर्मा ने भरतनाट्यम की शास्त्रीय शैली में उत्कृष्ट अभिव्यक्ति, लयबद्धता एवं भाव-भंगिमाओं के साथ ऐसी प्रस्तुति दी कि उपस्थित गणमान्य अतिथियों, अधिकारियों और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनकी कला की मुक्तकंठ से सराहना की। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम की सांस्कृतिक गरिमा को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया और राज्य स्तरीय मंच पर विद्यालय की पहचान को भी सशक्त बनाया।

विद्यालय की चेयरपर्सन नवनीत कौर ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतिष्ठित कार्यक्रम में प्रस्तुति के लिए आमंत्रित होना एंजेल शर्मा की अथक मेहनत, अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर अभ्यास का प्रतिफल है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जॉनसन, प्रबंधन समिति एवं समस्त शिक्षकों ने एंजेल शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जनपद और प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगी।

अकेडमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने दी बधाई और शुभकामनाएं

कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने कहा की अकेडमी की प्रतिभाशाली छात्रा एंजेल शर्मा द्वारा राज्य स्तरीय मंच पर भरतनाट्यम की उत्कृष्ट प्रस्तुति देना हमारे लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है। यह उपलब्धि केवल एंजेल की प्रतिभा और अथक परिश्रम का परिणाम नहीं, बल्कि विद्यालय की समग्र शिक्षा, अनुशासित वातावरण एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित न रखकर कला, संस्कृति, खेल और नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में भी सशक्त बनाना है। एंजेल ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने एंजेल शर्मा, उनके अभिभावकों तथा विद्यालय के समर्पित शिक्षकों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और विश्वास व्यक्त कर कहा कि हमारे विद्यार्थी भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर संस्थान का नाम गौरवान्वित करेंगे।

👁 3,852 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *