निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। द हेरिटेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में ‘25 वर्ष सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति-कौशल एवं प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुशील शर्मा, जिला महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी, विशिष्ट अतिथि सुभाष शर्मा, वरिष्ठ नेता, भारतीय जनता पार्टी तथा शिवांशी चौहान, ग्राम प्रधान, पैगा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए गए। प्रतियोगिताओं के प्रथम चरण में निबंध प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने निर्धारित विषय पर अपने विचारों को प्रभावशाली एवं सृजनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। इसके बाद चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से अपनी कल्पनाशक्ति तथा कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विषय के अनुरूप अपने विचार आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और प्रभावी अभिव्यक्ति का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। अतिथियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी भी आवश्यक है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, निर्णायक मंडल एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना की गई।
प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम: डॉ. राहुल पैगिया
कशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यालय के प्रबन्ध निदेशक डॉ. राहुल पैगिया ने कहा ‘25 वर्ष सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विद्यालय में आयोजित निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता अत्यंत सराहनीय रही। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति-कौशल और आत्मविश्वास को विकसित करना है। उन्होंने कहा हमारा प्रयास सदैव रहा है कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे उचित मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिले। पाठ्यक्रम के साथ-साथ साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं कलात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी तथा उनके अभिभावकों और शिक्षकगण का भी आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा हमारा विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए ऐसे रचनात्मक आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।





