चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं सहित प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों में आज सोमवार को सेवा, सहयोग, संवेदनशीलता, स्वच्छता, मानवता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ आमंत्रित अतिथियों एवं विद्यालय पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में अतिथि कल्पना राणा एवं डॉ. गिरीश तिवारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान विद्यार्थियों को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने समाज, परिवार, विद्यालय एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए स्वच्छता बनाए रखने, जरूरतमंदों की सहायता करने, दूसरों के प्रति सम्मान व सहयोग का भाव रखने तथा सकारात्मक वातावरण निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर वर्ग में आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने सेवा, स्वच्छता, सहयोग, मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाशक्ति एवं रचनात्मकता को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। जूनियर वर्ग में कक्षा 3 के अनय चौहान ने प्रथम, कक्षा 8 की भव्या चौहान ने द्वितीय तथा कक्षा 5 की उर्विका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में कक्षा 6 के गर्व चौहान प्रथम, कक्षा 8 की काव्य चौहान द्वितीय तथा कक्षा 6 की इल्मा अदीब तृतीय स्थान पर रहीं। निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सेवा, जिम्मेदारी, मानवता, सहयोग एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों जैसे विषयों पर विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता में कक्षा 8 की आरोही ने प्रथम, कक्षा 7 की प्राख्या कबडवाल ने द्वितीय तथा अन्वी चतुर्वेदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों के लेखों में जरूरतमंदों की सहायता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज के प्रति जिम्मेदारियों से जुड़े विचार प्रमुखता से उभरकर आए। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया गया कि सेवा केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी की मदद करना, स्वच्छता रखना, पेड़-पौधों की देखभाल करना और समाज में प्रेम व सहयोग की भावना बढ़ाना भी सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
विजेताओं और प्रतिभागियों को किया सम्मानित
कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। कार्यक्रम में अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रतिभा के साथ सेवा और मानवता की भावना को जीवन में बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित होने के बाद विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधिका शिल्पी गर्ग ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। ‘मेरा सेवा संकल्प’ कार्यक्रम ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सामाजिक संवेदनशीलता को एक मंच प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर
कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय की प्रबंधिका शिल्पी गर्ग ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें अच्छे संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने के साथ समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का अवसर देती हैं। वही विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गौरव गर्ग ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा लिया गया सेवा संकल्प उनके व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बचपन से ही बच्चों में दूसरों की सहायता, सम्मान, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना विकसित करना आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बन सकें।






