कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट में 23 मई से 30 मई तक आयोजित होगा “भव्य समर कैंप ”

रचनात्मक गतिविधियों, खेल, विज्ञान और कला के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलेगा अनुभवात्मक शिक्षण

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट, काशीपुर द्वारा विद्यार्थियों की गर्मी की छुट्टियों को रचनात्मक, ज्ञानवर्धक और मनोरंजक बनाने के उद्देश्य से 23 मई से 30 मई 2026 तक “समर कैंप 2026” का आयोजन किया जा रहा है। विद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले इस विशेष समर कैंप में नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। कैंप का मुख्य आकर्षण प्रतिदिन आयोजित होने वाला एक घंटे का “इंटेंस स्पोर्ट्स कैंप” रहेगा। इसमें विद्यार्थियों को फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, फन गेम्स एवं विभिन्न टीम स्पोर्ट्स का प्रशिक्षण और अभ्यास कराया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि खेल गतिविधियाँ बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करती हैं। समर कैंप में प्रत्येक दिन अलग-अलग थीम आधारित गतिविधियाँ आयोजित होंगी। इनमें वेलकम एवं टीम बिल्डिंग, हैंड्स-ऑन प्रोजेक्ट्स एवं एक्सपेरिमेंट्स, क्रिएटिव आर्ट्स एवं परफॉर्मेंस, नेचर एक्सप्लोरेशन एवं आउटडोर प्ले, परफॉर्मेंस डे तथा ग्रैंड फिनाले एवं सेलिब्रेशन प्रमुख रहेंगे। समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों के लिए विज्ञान प्रयोग, स्वयं बनाओ प्रोजेक्ट्स, कला एवं शिल्प, संगीत, नृत्य, कहानी लेखन, प्रकृति अन्वेषण, आउटडोर गतिविधियाँ तथा प्रतिभा प्रदर्शन जैसी अनेक रचनात्मक और ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को नई चीजें सीखने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और टीमवर्क की भावना विकसित करने का अवसर मिलेगा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल ने बताया कि “इंस्पायरिंग यंग माइंड्स बियॉन्ड क्लासरूम्स” थीम पर आधारित यह समर कैंप विद्यार्थियों के लिए सीखने, रचनात्मकता, खेल और मनोरंजन से भरपूर यादगार अनुभव सिद्ध होगा। कैंप के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। विद्यालय ने बताया कि अन्य विद्यालयों के विद्यार्थी भी इसमें भाग ले सकते हैं तथा प्रतिभागियों के लिए वैध स्कूल आईडी कार्ड अनिवार्य रहेगा।

विद्यालय के चेयरमैन डॉ अनिल कुमार सक्सेना ने बताया कि समर कैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा शिक्षण से आगे बढ़कर अनुभवात्मक एवं व्यवहारिक शिक्षा प्रदान करना है। छह दिवसीय इस कैंप में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और शारीरिक फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *