सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर निकले ज्ञानार्थी कॉलेज के छात्र

जागरूकता रैली के माध्यम से नागरिकों से नियम पालन और जिम्मेदारी निभाने की अपील

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। सड़क सुरक्षा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ज्ञानार्थी मीडिया कॉलेज द्वारा सोमवार को एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नगर के प्रमुख मार्गों पर लोगों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।

रैली का शुभारंभ गिरीताल स्थित कॉलेज परिसर से हुआ, जहां महापौर दीपक बाली, भाजपा नेता शशांक गहतोड़ी, सांसद प्रतिनिधि डॉ. राहुल पैगिया, सीपीयू उपनिरीक्षक जसवंत सिंह, कॉलेज चेयरमैन संतोष मेहरोत्रा, सचिव शिवानी मेहरोत्रा एवं अकादमिक डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली कॉलेज गेट से शुरू होकर चीमा चौराहा, कटोराताल, डॉक्टर लाइन, मुख्य बाजार, महाराणा प्रताप चौक एवं रामनगर रोड से होते हुए पुनः कॉलेज परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में सड़क सुरक्षा से जुड़े स्लोगन, बैनर और तख्तियां लिए हुए थे और लोगों को जागरूक कर रहे थे। छात्र-छात्राओं  ने राहगीरों और वाहन चालकों से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाएं तथा तेज गति से वाहन न चलाएं। साथ ही अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें।

इस अवसर पर कॉलेज चेयरमैन संतोष मेहरोत्रा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से ट्रैफिक नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। रैली के दौरान नगरवासियों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे एक सकारात्मक व आवश्यक कदम बताया। यह आयोजन न केवल जागरूकता बढ़ाने में सहायक रहा, बल्कि समाज को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास भी सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *