सुबोध उनियाल ने अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कराने का दिया आश्वासन, सीईए, पीसीपीएनडीटी व प्रदूषण संबंधी मुद्दे प्रमुख
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) उत्तराखंड का एक प्रतिनिधिमंडल नवनियुक्त स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से उनके आवास पर मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व आईएमए उत्तराखंड के सचिव डॉ. डीडी चौधरी एवं कार्यकारी अध्यक्ष व वरिष्ठ लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. यशपाल रावत ने किया। मुलाकात सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में सम्पन्न हुई, जिसमें प्रतिनिधिमंडल ने पुष्प गुच्छ भेंट कर मंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डॉ. डीडी चौधरी ने आईएमए से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में चिकित्सकों एवं अस्पतालों को कई प्रशासनिक एवं तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिनके समाधान के लिए समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के शीर्ष अधिकारियों के साथ आईएमए प्रतिनिधिमंडल की बैठक शीघ्र आयोजित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से प्रारंभ कर दी गई है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट (सीईए) के तहत 50 से कम बेड वाले अस्पतालों को दायरे से बाहर रखने की मांग की गई। इसके अलावा प्रदूषण नियंत्रण विभाग से संबंधित आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने, पीसीपीएनडीटी अधिनियम के अंतर्गत उत्पन्न समस्याओं के समाधान तथा राज्य के सभी जिलों में सीईए पंजीकरण प्रक्रिया में एकरूपता लाने जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल में डॉ. यशपाल रावत, डॉ. डीडी चौधरी, डॉ. सुरेश गोयल, डॉ. सतांशु माथुर, डॉ. अरविन्द शर्मा, डॉ. श्रीमाली, डॉ. संध्या भटनागर, डॉ. अश्वनी चौहान एवं डॉ. हेमंत गुप्ता सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे। मुलाकात के बाद आईएमए प्रतिनिधियों ने आशा व्यक्त की कि सरकार चिकित्सकों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए ठोस कदम उठाएगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।



