मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया सम्मानित, वैज्ञानिक अनुसंधान और शिक्षा जगत में उत्कृष्ट योगदान का मिला गौरव

( सुप्रसिद्घ वैज्ञानिक डॉ.अनिल कुमार सक्सेना )
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ़ फार्मास्युटिकल एजुकेशन & रिसर्च (जिपर) संस्थान काशीपुर के अध्यक्ष, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट स्कूल (केपीसी) के चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार सक्सेना को दैनिक जागरण के 23वें स्थापना दिवस पर आयोजित “जागरण उत्सव 2026” में कंप्यूटर एडेड ड्रग डिज़ाइन (CADD) एवं मेडिसिनल केमिस्ट्री के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान वैज्ञानिक अनुसंधान, औषधि विज्ञान तथा शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. सक्सेना द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों, नवाचारों और समाजहित में दिए गए योगदान के लिए प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया, जिसमें डॉ. सक्सेना की उपलब्धि विशेष आकर्षण का केंद्र रही। समारोह में जागरण प्रकाशन लिमिटेड के निदेशक संदीप गुप्ता एवं दैनिक जागरण हल्द्वानी यूनिट के महाप्रबंधक डॉ. राघवेंद्र चड्ढा भी मौजूद रहे। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों एवं शोधकर्ताओं को समाज और विज्ञान के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं शिक्षा के माध्यम से समाज के विकास में योगदान देना उनका सदैव उद्देश्य रहा है। डॉ. सक्सेना लंबे समय से वैज्ञानिक अनुसंधान और शिक्षण क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कंप्यूटर एडेड ड्रग डिज़ाइन और मेडिसिनल केमिस्ट्री के क्षेत्र में उनके शोध कार्यों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल चुकी है। शिक्षा और विज्ञान के समन्वय से नई पीढ़ी को नवाचार एवं शोध के प्रति प्रेरित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी इस उपलब्धि से काशीपुर सहित पूरे वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक जगत में हर्ष का वातावरण है।
कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट स्कूल के प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल, एवम ज़िपर संस्थान के निदेशक डॉ. दीपक तेवतिया, दोनों संस्थानों के समस्त स्टाफ और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार सक्सेना को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए इसे केपीसी विद्यालय व ज़िपर संस्थान और क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। विद्यालय परिसर में भी इस सम्मान को लेकर उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया।





