ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक ने विभागीय योजनाओं का भी किया सत्यापन, किसानों से लिया फीडबैक
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। गन्ना विकास परिषद काशीपुर के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बीरेंद्र कुमार चौधरी ने गुरुवार को तहसील काशीपुर के ग्राम बरखेड़ी एवं गिन्नीखेड़ा में चल रहे गन्ना सर्वेक्षण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम बरखेड़ी में गन्ना पर्यवेक्षक राजेश कुमार राजपूत तथा ग्राम गिन्नीखेड़ा में सोमपाल सिंह सर्वेक्षण कार्य करते हुए मिले। निरीक्षण के दौरान ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक ने संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि गन्ना सर्वेक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।इसके बाद बीरेंद्र कुमार चौधरी ने किसानों के लिए संचालित विभागीय योजनाओं का सत्यापन किया तथा लाभार्थी किसानों से योजनाओं के संबंध में फीडबैक लिया। किसानों ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने किसानों से आगामी पेराई सत्र में अधिक से अधिक गन्ना आपूर्ति करने का आह्वान करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान विभाग की प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान गन्ना विकास निरीक्षक राकेश कुमार, गन्ना विकास निरीक्षक एवं प्रचार अधिकारी वीरेंद्र कुमार मौर्य, गन्ना पर्यवेक्षक राजेश कुमार, सोमपाल सिंह, बहादुर सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




