डीएवी पब्लिक स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार तथा ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। अलीगंज रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ योग प्रशिक्षक धर्मराज बिष्ट एवं कमल किशोर जोशी के नेतृत्व में सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योग के प्रति अपनी आस्था एवं जागरूकता का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार तथा ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को योग की विधियों एवं उनके वैज्ञानिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ, मन को शांत तथा जीवन को संतुलित बनाता है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता बृजेश रावल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग का महत्व और भी बढ़ गया है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से योग अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वस्थ, निरोगी एवं अनुशासित जीवन के लिए प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर श्रीनिवास जोशी, उमेश शर्मा, सूर्य प्रकाश मौर्य, हीरा सिंह, समता भटनागर, संतोषी जोशी, भारती अरोरा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। योग दिवस के सफल आयोजन ने विद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति नई प्रेरणा का संचार किया।

योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार : डॉ. एस.के. चौबे

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. एस.के. चौबे ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अपने संदेश में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो हमें स्वस्थ शरीर, शांत मन एवं सकारात्मक जीवन शैली प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से संतुलित तथा आत्मिक रूप से समृद्ध बनता है। डॉ. चौबे ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सफल जीवन के लिए योग सबसे सरल, प्रभावी और प्राकृतिक माध्यम है। योग अपनाकर हम निरोगी, अनुशासित एवं ऊर्जावान जीवन की ओर अग्रसर हो सकते हैं।

👁 1,101 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *