कृषक संगोष्ठी में किसानों को दी गई आधुनिक गन्ना खेती और विभागीय योजनाओं की जानकारी

गन्ना विकास परिषद काशीपुर ने ग्राम कुआं खेड़ा में आयोजित किया एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग आयुक्त के निर्देशों के क्रम में गन्ना विकास परिषद काशीपुर द्वारा तहसील काशीपुर के ग्राम कुआं खेड़ा में एक दिवसीय कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक काशीपुर बीरेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि विभाग द्वारा किसानों को अनुदान पर कीटनाशक रसायनों का वितरण किया जा रहा है तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान संगोष्ठियों का मुख्य उद्देश्य किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझना और उनका प्रभावी समाधान करना है।

कार्यक्रम में गन्ना विकास निरीक्षक राकेश कुमार ने विभागीय योजनाओं, पेड़ी प्रबंधन, सहफसली खेती तथा गन्ने की नवीनतम प्रजातियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं गन्ना विकास निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार मौर्य ने गन्ना फसल में लगने वाले प्रमुख रोगों एवं कीट प्रबंधन संबंधी उपायों पर किसानों को प्रशिक्षित किया।
संगोष्ठी के उपरांत ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बीरेंद्र कुमार चौधरी ने जैतपुर, नंदरामपुर एवं कुआं खेड़ा गांवों में गन्ना सर्वेक्षण कार्यों तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान किसानों से विभागीय योजनाओं के संबंध में फीडबैक लिया गया तथा कम गन्ना आपूर्ति वाले क्षेत्रों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में राकेश कुमार, हरदीप सिंह, गुरदीप सिंह, नीरज डोभाल, सुभाष चंद्र, वीरेन्द्र कुमार मौर्य, सुरेश सिंह, नानक सिंह, राजीव कुमार, मनोज सिंह एवं परमजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 394 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *