शिविर में किसानों को आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। किसान विकास क्लब (उत्तराखंड) के विशेष आग्रह पर 23 अप्रैल को प्रातः 11 बजे अनाज मंडी गेस्ट हाउस में कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी किसानों की फॉर्मर आईडी बनाएंगे। ताकि अधिक से अधिक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। किसान विकास क्लब के अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि फॉर्मर आईडी बनवाने के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड तथा आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर साथ लेकर आना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, अनुदान, सब्सिडी तथा अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए फॉर्मर आईडी भविष्य में आवश्यक हो सकती है। ऐसे में किसान इस अवसर का लाभ उठाकर समय रहते अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि किसान भाइयों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक ही स्थान पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को इधर-उधर भटकना न पड़े। शिविर में किसानों को आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। अरुण कुमार शर्मा ने क्षेत्र के सभी किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर पहुंचकर अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ फॉर्मर आईडी बनवाएं। उन्होंने कहा कि समय पर पंजीकरण कराने से किसानों को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
