2027 मिशन को लेकर महिलाओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। भारतीय जनता पार्टी के नवगठित महिला मोर्चा आवास विकास मंडल के स्वागत एवं परिचय कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला उपाध्यक्ष सृष्टि आहूजा बंसल के आवास पर उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के पूज्य प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार ने विशेष रूप से प्रतिभाग कर महिला कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने तथा महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष सृष्टि आहूजा बंसल ने कहा कि वर्तमान समय महिलाओं के नेतृत्व और सहभागिता का समय है। उन्होंने कहा कि संगठन में महिलाओं की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है और प्रत्येक महिला कार्यकर्ता को अपनी ऊर्जा, क्षमता एवं सक्रियता को निरंतर बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं संगठित होकर कार्य करती हैं, तो संगठन और समाज दोनों को नई दिशा मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाएं आज आत्मनिर्भरता, सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। महिलाएं प्रधानमंत्री मोदी की सबसे बड़ी ताकत बनकर भारतीय जनता पार्टी के साथ मजबूती से खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे महिलाओं तक पहुंचा है, जिससे महिलाओं में भाजपा के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

सृष्टि आहूजा बंसल ने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी महिला शक्ति के बल पर भाजपा लगातार अपने जनाधार को मजबूत कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रियता से कार्य करें और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने के लिए अभी से जुट जाएं।
कार्यक्रम के दौरान नवगठित महिला मोर्चा पदाधिकारियों का स्वागत किया गया तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पूजा शर्मा, महामंत्री मीना शर्मा, उपाध्यक्ष सुनीता, डिंपल, रेनू, सीमा, गायत्री, अनीता, किरण, लता, कविता, वीणा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया।



