क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, ‘एक पेड़–माँ के नाम’ का लिया संकल्प
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। मास्टर इंटरनेशनल स्कूल की नई शाखा में शनिवार को क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन की ओर से ‘हरित भविष्य संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों और समाज में स्वच्छता एवं प्रकृति के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष अजय चौधरी, अध्यक्ष सर्वेश बंसल एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत छोटे-छोटे प्रयासों से होती है। यदि प्रत्येक बच्चा एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल वृक्ष बनने तक करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और हर वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में डॉ. भारती गहतोड़ी (सुपरवाइज़र), रमा गर्ग (महिला अध्यक्ष), गौरव गुप्ता (संस्थापक एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष), केशव सिंह (मीडिया प्रभारी), नूपुर गुप्ता (आशीष बिल्डर्स एंड डेवलपर्स), अर्चना लोहनी (क्लीन एंड ग्रीन की अध्यक्ष एवं लिटिल एंजल्स अकादमी की अध्यक्ष), पूर्व राज्य मंत्री इंदु मान, विजय चौधरी, वरिष्ठ सलाहकार एवं नैनीताल बैंक के सेवानिवृत्त प्रबंधक सुरेंद्र बठला तथा राधा चौहान (महिला सदस्य, क्लीन एंड ग्रीन इंडिया) सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन “एक पेड़–माँ के नाम” का सामूहिक संकल्प लेकर किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और सामूहिक प्रयासों से ही हरित एवं स्वच्छ भारत का सपना साकार किया जा सकता है।
विद्यालय प्रबंधन ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, 400 पौधों से हराभरा होगा विद्यालय परिसर
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। मास्टर इंटरनेशनल स्कूल की प्रबंधिका शिल्पी गर्ग ने वृक्षारोपण अभियान के सफल आयोजन के लिए क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे उसके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा फाउंडेशन की टीम को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गौरव गर्ग ने भी क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसे पर्यावरणीय अभियानों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर को हराभरा बनाने के लिए आगामी महीनों में 400 पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि प्रत्येक विद्यार्थी अपने जीवन के हर विशेष अवसर पर एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो यह अभियान आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण का एक व्यापक जन-आंदोलन बन सकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ वृक्षारोपण में भागीदारी निभाई और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में प्रकृति संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।







