नेटबॉल में उधम सिंह नगर का जलवा, जूनियर बालिका वर्ग में स्वर्ण और सीनियर पुरुष वर्ग में कांस्य पदक पर कब्जा

उत्तरकाशी में आयोजित राज्य स्तरीय फास्ट फाइव नेटबॉल चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, जिले का नाम किया रोशन

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। उत्तराखंड स्पोर्ट्स प्रमोशन एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित प्रथम फास्ट फाइव सीनियर स्टेट नेटबॉल चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) तथा प्रथम फास्ट फाइव जूनियर स्टेट नेटबॉल चैंपियनशिप (बालक एवं बालिका) का आयोजन 8 से 10 जून 2026 तक उत्तरकाशी स्थित पीएम श्री राजकीय आदर्श कीर्ति इंटर कॉलेज में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में उधम सिंह नगर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में उधम सिंह नगर की जूनियर बालिका टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार जीत दर्ज कर अपने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों और खेल विशेषज्ञों को भी प्रभावित किया। स्वर्ण पदक विजेता टीम में द संस्कार स्कूल की समृद्धि सक्सेना, लिटिल स्कॉलर स्कूल की दृष्टि रावत, श्रेया रेखाड़ी, गीतमान कौर और अनिका शर्मा, जेनेसिस इंटरनेशनल स्कूल की सुखमनी, रितिका, महक, इशिका और आकर्षिता, जबकि स्मृति रावत, स्नेहा रावत, माहिका, शगुनप्रीत और सिमरन ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
टीम की सफलता में कोच कोमल और मोनिका शर्मा का मार्गदर्शन लगातार खिलाड़ियों को मिलता रहा। वहीं मुख्य कोच मनीष शर्मा और हरि प्रकाश ने भी रणनीतिक तैयारी और तकनीकी मार्गदर्शन देकर टीम को सफलता तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। वहीं सीनियर पुरुष वर्ग में भी उधम सिंह नगर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम के खिलाड़ियों ने कठिन मुकाबलों में संघर्षपूर्ण खेल दिखाकर पदक हासिल किया। कांस्य पदक विजेता टीम में समर स्टडी हॉल के अंशदीप सिंह, दिव्यांश नेगी, तोहिद, हिंदू इंटर कॉलेज के अनुराग पुष्पक, जेनेसिस इंटरनेशनल के दीपांशु घिल्डियाल, प्रभरूप, अमित रावत, तथा द संस्कार स्कूल के प्रयागराज, सानिब और शावेद शामिल रहे। प्रतियोगिता के बाद खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षकों, टीम प्रबंधन और अभिभावकों को दिया। खिलाड़ियों ने कहा कि कोचों के निरंतर मार्गदर्शन और कठिन अभ्यास के कारण ही यह उपलब्धि हासिल हो सकी।

नेटबॉल उधम सिंह नगर के अध्यक्ष राहुल पैगिया और जिला सचिव अमित घिल्डियाल ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
इस उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों, शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं नेटबॉल इंडिया परिवार की ओर से नेटबॉल डेवलपमेंट कमेटी के अध्यक्ष हरिओम कौशिक, तथा नेटबॉल उत्तराखंड के अध्यक्ष विजय सिंह चौहान और सचिव सुरेंद्र सिंह ने भी उधम सिंह नगर नेटबॉल परिवार और खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उधम सिंह नगर के खिलाड़ियों की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने का दम रखते हैं।

 

 

👁 464 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *