कार्यक्रम में परामर्शदाता आकांक्षा अरोरा ने शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य से कराया विस्तारपूरक परिचय
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल, काशीपुर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ अभिभावकों के प्रभावी मार्गदर्शन की दिशा में एक प्रेरणादायी विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध परामर्शदाता एवं सलाहकार आकांक्षा अरोरा ने अभिभावकों को शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य, बदलते समय की आवश्यकताओं तथा बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास में परिवार की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए आकांक्षा अरोरा ने कहा कि यदि अभिभावक अपने बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना चाहते हैं तो उन्हें पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर समय के अनुरूप अपने दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन लाना होगा। उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही सफलता का मापदंड नहीं हैं, बल्कि बच्चों की रुचि, रचनात्मकता, सहयोग की भावना और नवाचार की क्षमता को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर अनावश्यक दबाव बनाने के बजाय उनकी प्रतिभा को पहचानने और उसे विकसित करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने बच्चों के करियर, व्यवहार एवं शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं भी साझा कीं, जिनका आकांक्षा अरोरा ने व्यावहारिक एवं प्रभावी समाधान प्रस्तुत किया। संगोष्ठी के अंत में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन के इस सार्थक प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर शिक्षकगण एवं अभिभाबक मौजूद रहे।
विद्यालय की को-मैनेजिंग डायरेक्टर रिशिता सक्सेना अग्रवाल ने कहा कि इस ओरिएंटेशन का उद्देश्य गोयंकन विद्यार्थियों के बहुमुखी विकास के लिए अभिभावकों को भी समान रूप से जागरूक एवं सहभागी बनाना है। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय और परिवार के संयुक्त प्रयासों से ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने बताया कि विद्यालय समय-समय पर विद्यार्थियों के शैक्षिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास को ध्यान में रखते हुए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहता है।







