किरणप्रीत कौर ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर किया टॉप, नौ विद्यार्थियों ने हासिल किए 90 प्रतिशत से अधिक अंक
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। अलीगंज रोड स्थित द हेरिटेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने सीबीएसई बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। शानदार परीक्षा परिणाम के बाद विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सफलता को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम बताया।
विद्यालय की छात्रा किरणप्रीत कौर ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। माहिरा शेख ने 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि आलिया परवीन ने 93.2 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके अतिरिक्त खुशी सिंह ने 93 प्रतिशत, तान्या सिंह ने 92 प्रतिशत, दक्ष शर्मा ने 91 प्रतिशत, योगिता विष्णोई ने 90.4 प्रतिशत, चीनू शर्मा ने 90 प्रतिशत तथा ज्योत्सना कौर ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय के कुल नौ विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। विद्यालय के लिए विशेष उपलब्धि यह रही कि 10 विद्यार्थियों ने पेंटिंग विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। इनमें आफरीन खान, आलिया परवीन, अफ्शा कमर सैफी, अजमान अली खान, चीनू शर्मा, किरणप्रीत कौर, पावनी चौहान, राफिया सिद्दीकी, रक्षिता चौधरी एवं यश पवार शामिल हैं। विद्यालय प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अर्पण कुमार शर्मा, निदेशक अनुराग कुमार सिंह एवं चेयरमैन डॉ. राहुल पैगिया ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का समर्पण, कठिन परिश्रम और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही इस सफलता का आधार है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उत्कृष्टता की यह यात्रा भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।
विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय की उत्कृष्ट शिक्षा व्यवस्था का प्रमाण : डॉ. राहुल पैगिया

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. राहुल पैगिया ने विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम केवल अंकों की उपलब्धि नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के विश्वास का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि द हेरिटेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। डॉ. राहुल पैगिया ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने जिस उत्कृष्टता और आत्मविश्वास के साथ सफलता प्राप्त की है, वह आने वाले वर्षों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने विशेष रूप से उन विद्यार्थियों की सराहना की जिन्होंने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए तथा पेंटिंग विषय में शत-प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।



