नुक्कड़ नाटक, कविता, पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर बुधवार को छावनी चिल्ड्रन एकेडमी में विविध जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा पृथ्वी को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों को पृथ्वी दिवस के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि बढ़ता प्रदूषण, प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग, जल स्रोतों का दूषित होना, पेड़ों की कटाई तथा प्राकृतिक संसाधनों का अनियंत्रित दोहन पृथ्वी के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। साथ ही इन समस्याओं के समाधान के लिए वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता, ऊर्जा बचत तथा प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने पर्यावरण प्रदूषण के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया। विज्ञान वर्ग की छात्रा दीक्षा अवस्थी ने पृथ्वी संरक्षण पर आधारित सुंदर कविता प्रस्तुत कर सभी को भावुक और प्रेरित किया।
विद्यालय परिसर में पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक चित्रों और संदेशों के माध्यम से पर्यावरण बचाने का आह्वान किया। प्रतिभागियों ने “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, “जल है तो कल है” तथा “स्वच्छ पृथ्वी, स्वस्थ जीवन” जैसे प्रभावशाली स्लोगन प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय प्रशासन की ओर से पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार सपरा ने विद्यार्थियों को पृथ्वी संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर छोटे-छोटे प्रयास करे तो पर्यावरण संरक्षण का बड़ा अभियान सफल हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
