जरूरतमंद परिवारों को विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने बांटे 2.16 लाख रुपये की सहायता के चेक

विधायक ने ग्राम भोगपुर में विधायक निधि से प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से प्राप्त कुल 2.16 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक जरूरतमंद परिवारों को वितरित किए। यह सहायता पुत्री के विवाह, गंभीर बीमारी के उपचार, आजीविका के साधन उपलब्ध कराने, पति के निधन के बाद परिवार के भरण-पोषण तथा अग्निकांड जैसी आपदाओं से प्रभावित परिवारों को प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक सहायता और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य केवल विकास योजनाओं का क्रियान्वयन करना ही नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े होकर उन्हें राहत और संबल प्रदान करना भी है। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष आर्थिक रूप से कमजोर एवं संकटग्रस्त परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके संवेदनशील एवं जनहितैषी नेतृत्व में प्रदेश सरकार जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा ही संगठन का संस्कार है और जनकल्याण ही भारतीय जनता पार्टी की पहचान है।’ इसी भावना के साथ विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर विधायक ने ग्राम भोगपुर में विधायक निधि से प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री सीमा चौहान, ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह सहित ग्राम प्रधान एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

 

👁 1,014 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *