काशीपुर में घर-घर पहुंचेगा गीले-सूखे कचरे का डस्टबिन, अभियान का शुभारंभ

महापौर दीपक बाली व नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने डस्टबिन वितरण वाहन को दिखाई हरी झंडी, 80 हजार डस्टबिन बांटे जाएंगे

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। नगर निगम ने शहर में कचरा पृथक्करण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को घर-घर डस्टबिन वितरण अभियान का शुभारंभ किया। नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली और नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने डस्टबिन वितरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
महापौर और नगर आयुक्त ने बताया कि अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक परिवार एवं किरायेदार को गीले और सूखे कचरे के लिए दो-दो डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे। अभियान की शुरुआत वार्ड संख्या-1 से की गई है। प्रतिदिन एक से दो वार्डों में घर-घर जाकर लगभग 80 हजार डस्टबिन वितरित किए जाएंगे, ताकि कचरा पृथक्करण की व्यवस्था को प्रभावी बनाते हुए स्वच्छ और सुंदर काशीपुर के लक्ष्य को साकार किया जा सके। महापौर दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम काशीपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश नागरिक स्वच्छता अभियान में सहयोग कर रहे हैं, लेकिन अभी भी कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर कूड़ा फेंक रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों से नगर निगम के अभियान में सहयोग करने और निर्धारित डस्टबिन में ही कचरा डालने की अपील की।
कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, पार्षद दीपा पाठक, अनिता कांबोज, वैशाली गुप्ता, राशिद फारुकी, संजय शर्मा, सतीश कुमार, कुलदीप शर्मा, बीना नेगी, शशांक गोले, सुरेश सैनी, हनीफ गुड्डू, घनश्याम सैनी, सिटी मिशन मैनेजर मोहम्मद जफर, वरिष्ठ भाजपा नेता अवनीश चौहान, ईश्वर चंद्र गुप्ता, राजीव अरोड़ा, प्रकाश नेगी, भाव्या पांडे, सुशांत नवीन, मुकेश पाहवा, चौधरी समरपाल सिंह, राजीव परनामी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

👁 891 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *