गोविषाण हेरिटेज में भव्य कलश यात्रा के साथ होगा सात दिवसीय धार्मिक आयोजन
कथा व्यास श्री रविनंदन शास्त्री जी महाराज करेंगे श्रीमद्भागवत कथा का रसपान
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। श्री राधानाम परम सुखदायी सेवा समिति, काशीपुर के तत्वावधान में द्वितीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक बाजपुर रोड गौराया पेपर मिल के पास द गोविषाण हेरिटेज में किया जाएगा। आयोजित होने वाली कथा में परम पूज्य कथा व्यास श्री रविनंदन शास्त्री जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रभु इच्छा तक होगा।
कथा के शुभारंभ अवसर पर 4 अक्टूबर रविवार को प्रातः 8 बजे श्री मोटेश्वर महादेव मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई द गोविषाण हेरिटेज पहुंचेगी। आयोजकों ने समस्त सनातन प्रेमियों से कलश यात्रा में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।
सात दिनों में होंगे विभिन्न धार्मिक प्रसंग
कथा के प्रथम दिवस 4 अक्टूबर को श्रीमद्भागवत महात्म्य का वर्णन किया जाएगा। 5 अक्टूबर को श्री शुकदेव जी प्राकट्य एवं भीष्म-कुंती स्तुति का प्रसंग होगा। 6 अक्टूबर को परीक्षित प्रकरण, सृष्टि क्रम, ध्रुव चरित्र, भक्त प्रह्लाद चरित्र एवं वामन प्राकट्य का वर्णन किया जाएगा। 7 अक्टूबर को राजा अम्बरीष चरित्र, श्रीराम जन्मोत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। 8 अक्टूबर को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं गोवर्धन पूजा महोत्सव का आयोजन होगा। 9 अक्टूबर को महारास, मथुरा गमन, कंस वध एवं रुक्मणी मंगल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
10 अक्टूबर को कथा विश्राम के साथ महायज्ञ व भंडारा
कथा के अंतिम दिन 10 अक्टूबर शनिवार को द्वारिका लीला, सुदामा चरित्र एवं कथा विश्राम होगा। इस दिन कथा का समय प्रातः 9 बजे से प्रभु इच्छा तक रहेगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे महायज्ञ तथा दोपहर 2 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजक श्री राधानाम परम सुखदायी सेवा समिति, काशीपुर ने समस्त श्रद्धालुओं एवं सनातन प्रेमियों से कथा, कलश यात्रा, महायज्ञ और भंडारे में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है। आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन बरसाने वाली श्री राधा रानी की कृपा एवं श्री बांके बिहारी जी के आशीर्वाद से भक्त परिवार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
द्वितीय श्रीमद्भागवत कथा के लिए किया जनसंपर्क
साई धाम कॉलोनी में श्रद्धालुओं को कलश यात्रा व कथा में शामिल होने का दिया निमंत्रण
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। आगामी 4 अक्टूबर से होने वाली द्वितीय श्रीमद्भागवत कथा एवं भव्य कलश यात्रा को लेकर आयोजन समिति ने जनसंपर्क किया। समिति के सदस्यों ने मोटेश्वर महादेव मंदिर के प्रमुख पंडित राघवेंद्र नागर व पंडित दीपक शर्मा के साथ साई धाम कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में आयोजित हनुमान चालीसा पाठ में भाग लिया। इस दौरान कॉलोनीवासियों को कथा एवं कलश यात्रा में शामिल होने के लिए निमंत्रण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में पंडित राघवेंद्र नागर, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार सुरेश शर्मा सहित पंडित सुखवीर सिंह शर्मा, शशिकांत शर्मा, अरविंद शर्मा, अनिल गौतम, विजित कुमार, शरद विश्नोई व देव नारायण को सम्मान पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।

