महापौर दीपक बाली ने किया तीसरे निःशुल्क चिकित्सा शिविर का उद्घाटन

ग्राम खरमासी के धालीवाल में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को मिली स्वास्थ्य जांच, दवाइयों और नेत्र परामर्श की सुविधा

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खरमासी के धालीवाल में आयोजित तीसरे निःशुल्क चिकित्सा शिविर का महापौर दीपक बाली ने मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन किया। यह शिविर डी-बाली फाउंडेशन एवं संजीवनी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित किया गया। इससे पूर्व ग्राम पच्चावाला और फिरोजपुर में भी निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। शिविर के दौरान महापौर दीपक बाली ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिविर में जरूरतमंदों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, दवाइयां और चश्मे उपलब्ध कराने की सुविधा है। साथ ही मोतियाबिंद सहित आंखों से जुड़ी समस्याओं के संबंध में भी विशेषज्ञों से परामर्श लिया जा सकता है।
महापौर ने बताया कि जिन पात्र ग्रामीणों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं हैं, उनके कार्ड बनाने की सुविधा भी शिविर में उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति जानकारी या जागरूकता के अभाव में इन सुविधाओं से वंचित न रहे। महापौर दीपक बाली ने निःशुल्क चिकित्सा शिविरों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण और आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जरूरतमंद लोगों को उनके क्षेत्र में ही जांच और परामर्श की सुविधा मिलना जनहित में सराहनीय कदम है। शिविर में दर्जनों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकों से परामर्श लेकर निःशुल्क दवाइयां प्राप्त कीं। कई लोगों ने आंखों की समस्याओं और मोतियाबिंद के संबंध में भी जानकारी ली।
इस अवसर पर ग्राम खरमासी के प्रधान विजय सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता गुरबख्श बग्गा, पार्षद विजय बॉबी, जसवीर सिंह सैनी, दलजीत सिंह धालीवाल, लाल सिंह, जिला प्रकोष्ठ संयोजक मुकेश चावला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

 

👁 932 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *