गोपीपुरा में सजी भव्य खाटू श्याम भजन संध्या, नागेंद्र सूर्यवंशी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोपीपुरा स्थित पांडेय कॉलोनी में आयोजित श्री खाटू श्याम जी की भव्य कीर्तन संध्या भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई। महापौर दीपक बाली ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती उर्वशी दत्त बाली के साथ कार्यक्रम में पहुंचकर बाबा श्याम के श्रीचरणों में शीश नवाया और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर महापौर दंपती ने श्याम रसोई में श्रद्धालुओं को स्वयं प्रसाद वितरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री श्याम सेवक मंडल ट्रस्ट, काशीपुर (रजि.) के महंत प्रमोद यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। गायक नागेंद्र सूर्यवंशी और उनके साथियों ने बाबा खाटू श्याम के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूम उठे और वातावरण बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा।
महापौर दीपक बाली ने धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए प्रार्थना की कि बाबा श्याम की कृपा सभी पर बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली आए। उन्होंने ऐसे आयोजनों को श्रद्धा, सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने वाला बताया।
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
भजन संध्या के बाद आयोजित श्याम रसोई में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महापौर दीपक बाली और उनकी पत्नी उर्वशी दत्त बाली ने श्रद्धाभाव से भक्तों को प्रसाद बांटा। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद तोमर, गुरबख्श बग्गा, गोपीपुरा के पूर्व प्रधान प्रेम सिंह, बीडीसी सदस्य मुकेश राजपूत, मुकेश चावला, पूर्व प्रधान बबलू, वर्तमान प्रधान विनीता चौधरी बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य नरेश कुमार, खरमासी के प्रधान विजय सिंह, गढ़ी इंद्रजीत के प्रधान अजय पाल, पूर्व बीडीसी सदस्य हरीश सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गायक मंडली के शिवा, राकेश सिंह, बलबीर सिंह, विपुल चौहान, कनिष्क राजपूत, विवेक यादव, प्रमोद, राजीव यादव और विनीत सहित सुशांत नवीन, जसवीर सिंह सैनी, मनोज कौशिक, दुलारी देवी, अंजना देवी, सीता देवी और परमेश्वरी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।



