महापौर ने पर्यावरण मित्रों के परिवार की बालिकाओं और बुजुर्ग महिलाओं के पखारे पैर, लिया आशीर्वाद

‘दीपावली की खुशियां पर्यावरण मित्रों के संग’ कार्यक्रम में सफाई कर्मियों का किया सम्मान, साथ बैठकर किया सहभोज

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। दीपावली के अवसर पर नगर निगम काशीपुर की ओर से पर्यावरण मित्रों के सम्मान और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करने के उद्देश्य से ‘दीपावली की खुशियां – पर्यावरण मित्रों के संग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली ने पर्यावरण मित्रों के परिवारों की पांच बालिकाओं और पांच बुजुर्ग महिलाओं के पैर पखारकर उनका आशीर्वाद लिया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने स्वच्छता कर्मियों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान बिन पाठशाला और एनिमेशन फिल्म के माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। महापौर दीपक बाली ने कहा कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता के पीछे पर्यावरण मित्रों की दिन-रात की मेहनत और समर्पण है। वे नगर निगम परिवार का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली की खुशियां उन लोगों के साथ साझा करना जरूरी है, जो अपने परिश्रम से शहर को स्वच्छ रखते हैं। महापौर ने कनिष्का, अधीरा, चारवी, परी और पीहू सहित पांच बालिकाओं तथा माया, मुन्नी, निम्मो देवी, निर्मला और बाला सहित पांच बुजुर्ग महिलाओं के चरण पखारे। उन्होंने कहा कि उनके चरण धोने से उनका नहीं, बल्कि स्वयं उनका सम्मान बढ़ा है। इसके बाद उन्होंने पर्यावरण मित्रों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने पर्यावरण मित्रों के योगदान की सराहना की, जबकि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक ने इस आयोजन को सराहनीय पहल बताया। नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट ने स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। कार्यक्रम में महापौर ने पर्यावरण मित्रों को भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर सहभोज किया। इसके साथ उपहार वितरण और दीपावली मिलन का आयोजन भी हुआ।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल साह, शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, दिनेश ध्यानी, पार्षद सतीश कुमार, प्रिंस बाली, राशिद फारूकी, बीना नेगी, वैशाली गुप्ता, अशोक सैनी, दीपा पाठक सहित अनेक पार्षद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और सैकड़ों पर्यावरण मित्र अपने परिजनों के साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ ने किया।

 

 

 

👁 1,015 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *