वार्ड संख्या दो और तीन में सड़क निर्माण कार्यों की रखी आधारशिला
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने बुधवार को वार्ड संख्या दो एवं तीन में लगभग 82 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पांच सड़कों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव, वार्ड और मोहल्ले तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक चीमा ने कहा कि सड़कों का निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में विकास गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक चीमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित और विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के ‘विकल्प रहित संकल्प’ के अनुरूप काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करना उनका उद्देश्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावित सड़कों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों के निवासियों को राहत मिलेगी। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह, मंडल महामंत्री जयदीप सिंह, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष बृजेश पाल, अंतरप्रीत चीमा, चंदन रौतेला, धर्म सिंह, मनराज, बूथ अध्यक्ष जी.आर. आर्य सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


