दिवंगत सैनिक रमेश सिंह रावत का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, महापौर ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

नायक सूबेदार के आकस्मिक निधन पर शोक की लहर, महापौर दीपक बाली ने जताया दुख

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या दो स्थित एकता कॉलोनी निवासी 11 गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सूबेदार रमेश सिंह रावत के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन पर महापौर दीपक बाली ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने दिवंगत सैनिक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और सेवा में समर्पित एक वीर सैनिक का इस तरह चले जाना अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है।।दिवंगत सैनिक के पार्थिव शरीर को उनके आवास से पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान महापौर दीपक बाली श्मशान घाट पहुंचे और पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा सलामी देकर नमन किया। महापौर ने कहा कि नायक सूबेदार रमेश सिंह रावत का निधन उनके परिवार के साथ-साथ काशीपुर क्षेत्र और पूरे प्रदेश के लिए बड़ी क्षति है। देश की सेवा और सुरक्षा के लिए उनका समर्पण, अदम्य साहस तथा कर्तव्यनिष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। महापौर ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई ने एक बार फिर राष्ट्र की रक्षा में अपना योगदान देने वाले सैनिकों के प्रति समाज की कृतज्ञता और सम्मान की भावना को प्रदर्शित किया।

 

👁 927 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *