दीपों की रोशनी से जगमगाया ऐतिहासिक द्रोणासागर, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

महापौर दीपक बाली ने किया शुभारंभ, हजारों श्रद्धालुओं ने प्रज्वलित किए दीप

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। शहर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल द्रोणासागर में हिंदू राष्ट्र शक्ति संगठन की ओर से छठा दीपोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। दीपों की रोशनी से जगमगाता द्रोणासागर परिसर आकर्षण का केंद्र बना रहा। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो अयोध्या में भगवान श्रीराम के आगमन पर दीपोत्सव मनाया जा रहा हो। आयोजन में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर दीपक बाली ने भगवान श्रीराम और माता सीता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने दीपों से सजे परिसर का भ्रमण कर आयोजन की सराहना की। श्रद्धालुओं ने ‘एक दिया मेरा भी प्रभु को समर्पित’ के संकल्प के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए।
दीपोत्सव के साथ आयोजित सांस्कृतिक संध्या में रामनगर से आए स्वामी शशांक भारद्वाज ने भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। स्वामी जी ने भगवान श्रीराम के वनवास और अयोध्या आगमन से जुड़े प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजक हिंदू राष्ट्र शक्ति संगठन के संस्थापक संजय भाटिया और गौरव गुप्ता सहित संरक्षक मंडल एवं सदस्यों के प्रयासों से आयोजित इस दीपोत्सव में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जगमगाते दीपों के बीच लोगों ने परिवार सहित तस्वीरें भी खिंचवाईं। उल्लेखनीय है कि संगठन की ओर से प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचकर एक दीप भगवान को समर्पित करने की अपील की जाती है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद जी महाराज भी इस आयोजन का शुभारंभ कर चुके हैं। कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, राज्य मंत्री सीमा चौहान, विमल गुड़िया, संदीप सहगल, सूर्य प्रताप सिंह चौहान, पार्षद दीपा पाठक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

👁 860 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *