अब जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने के लिए बैंक के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए काशीपुर रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। मण्डल रेल प्रबंधक (कार्मिक), पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर के निर्देश पर स्टेशन स्थित स्टेशन प्रबंधक कार्यालय में आयोजित इस शिविर में करीब तीन दर्जन पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित हुआ। इस दौरान इज्जतनगर से विशेष रूप से पहुंचे मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक सी.पी. वर्मा ने पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से लगभग तीन दर्जन पेंशनरों को यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे अब उन्हें जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने के लिए बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से प्रमाण पत्र बनाए जाने से विशेषकर बुजुर्ग एवं अस्वस्थ पेंशनरों को बड़ी राहत मिली है। रेलवे की इस पहल को पेंशनरों ने सुविधाजनक बताते हुए सराहना की। शिविर को सफल बनाने में पेंशन एसोसिएशन के संजम नंदा, मदन पाल सिंह, शेर सिंह, सुदर्शन विश्वकर्मा, स्टेशन प्रबंधक तेजपाल सिंह, कार्यालय अधीक्षक खान, सीटीआई कनिका प्रसाद, मुख्य कार्यालय अधीक्षक मुन्ना लाल, शुभम कुमार प्रजापति, चंदन वर्मा, सुरेश शर्मा एवं संजय राय सहित कई कर्मचारियों का सहयोग रहा।



