‘दिवाली फिएस्टा’ में खेलों, खरीदारी और लजीज व्यंजनों का रहा आकर्षण, हस्तनिर्मित वस्तुओं के स्टॉल में दिखी रचनात्मक प्रतिभा
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, काशीपुर में प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी ‘गोयंकन कार्निवल–दिवाली फिएस्टा’ का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया गया। मनोरंजन, रोमांचक खेलों, खरीदारी और लजीज व्यंजनों से सजे इस कार्निवल में उत्साह और उमंग का अनूठा माहौल देखने को मिला। बच्चों, अभिभावकों और अतिथियों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए आयोजन का भरपूर आनंद उठाया। इस वर्ष कार्निवल को नए एवं रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। विद्यालय की को-मैनेजिंग डायरेक्टर रिशिता सक्सेना अग्रवाल की सोच के अनुरूप प्रत्येक वर्ष इस आयोजन को नए विचारों और आकर्षक गतिविधियों के माध्यम से यादगार बनाने का प्रयास किया जाता है। इसी क्रम में इस बार पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के स्थान पर बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न रोमांचक एवं रोचक खेलों को विशेष स्थान दिया गया। कार्निवल में विद्यालय के चारों सदनों की ओर से आकर्षक खेलों के स्टॉल लगाए गए, जहां विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई। वहीं बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उनके द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित वस्तुओं की बिक्री के स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कला एवं हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिला। खरीदारी के शौकीनों के लिए लेडीज सूट, आयुर्वेदिक उत्पादों और आकर्षक ज्वेलरी के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। दूसरी ओर, विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों से सजे फूड स्टॉल पर भी लोगों की खूब भीड़ उमड़ी। पूरे परिसर में कहीं खेलों की धूम रही तो कहीं खरीदारी और खान-पान का आनंद लेते लोग नजर आए। बच्चों और अभिभावकों ने उत्सवी माहौल में दीपावली की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, मनोरंजन और रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आपसी मेल-जोल बढ़ाने और नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। दीपावली के पावन पर्व से पूर्व विद्यालय प्रबंधन की ओर से आयोजित यह कार्निवल विद्यार्थियों के लिए आनंद और उत्साह से भरा विशेष उपहार है। ‘गोयंकन कार्निवल–दिवाली फिएस्टा’ मनोरंजन और खरीदारी तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, सहभागिता और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने का प्रभावी मंच बना। हंसी-खुशी और उत्साह से सराबोर इस आयोजन ने विद्यालय परिसर को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन नीरज अग्रवाल, को-चेयरमैन सोनल अग्रवाल तथा एमडी आकर्ष अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई। सभी ने कार्निवल की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की प्रशंसा की तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं सभी उपस्थित लोगों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी गईं।





